गिरिडीह: जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत पोषण सखियों के साथ सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। इसके विरुद्ध पोषण सखियां आंदोलन के मूड में हैं।
इसे लेकर शनिवार को पोषण सखी संघ की प्रखंड अध्यक्ष कंचन कुमारी तथा सचिव सोनी देवी ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के नाम सीडीपीओ कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि 11 दिसंबर को सीडीपीओ अपने कार्यालय में रहें।
उनके समक्ष वे अपनी पांच सूत्री मांगों को रखेंगी। अध्यक्ष तथा सचिव ने कहा कि पोषण सखियां अब तक तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय पर काम कर रही हैं। उन्हें पोशाक कोड नहीं मिला है।
हड़ताल अवधि का मानदेय उनकी मांगों में शामिल है। आंगनबाड़ी सेविका की तरह उन्हें भी बीमा तथा अवकाश का लाभ मिले, कुशल मजदूरों की तरह उन्हें मानदेय मिले व इसके अतिरिक्त अन्य मांगे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विभाग यदि उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लेता है तो 11 दिसंबर के बाद उग्र आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।



